डेस्क न्यूज
28 November, 2025
अन्य
नीमच। जिला पुलिस लाइन कनावटी के परेड ग्राउंड में शुक्रवार सुबह आयोजित जनरल परेड का पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने निरीक्षण किया। पुलिस बल में अनुशासन, सामूहिक दक्षता और फिजिकल फिटनेस को मजबूत करने के उद्देश्य से हर मंगलवार और शुक्रवार को होने वाली इस परेड में एसपी ने स्वयं उपस्थित रहकर अधिकारियों और जवानों का मनोबल बढ़ाया।
सुबह 7 बजे रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया ने सभी प्लाटूनों को व्यवस्थित रूप से परेड ग्राउंड पर खड़ा कराया। 7:15 बजे पुलिस अधीक्षक के पहुंचने पर परेड कमांडर द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद एसपी जायसवाल ने प्लाटूनवार परेड का विस्तार से निरीक्षण किया, जिसमें अधिकारियों-कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन, वेशभूषा और तत्परता पर विशेष ध्यान दिया गया।
निरीक्षण के उपरांत परेड का मार्चपास्ट आयोजित किया गया, जो निर्धारित समय के अनुसार 8:10 बजे संपन्न हुआ। इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित स्टोर, एमटी और आरमोरी का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट दिखाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को एसपी ने पुरस्कृत किया, जबकि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित को सुधार हेतु चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि परेड पुलिस विभाग में अनुशासन और टीम वर्क की रीढ़ है, इसलिए इसे पूर्ण निष्ठा के साथ किया जाना चाहिए।
परेड में एसडीओपी जावद रोहित राठौर, डीएसपी महिला सुरक्षा निकिता सिंह, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया सहित पुलिस लाइन, थानों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कुल 72 अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।