डेस्क न्यूज
28 November, 2025
अन्य
रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान को गुरुवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में गोली लग गई। पुलिस उसे भोपाल से गिरफ्तार कर गौहरगंज ला रही थी, तभी आरोपी ने रास्ते में भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली मार दी। सलमान को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
चॉकलेट का लालच देकर जंगल ले गया था आरोपी
21 नवंबर को आरोपी सलमान ने बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर जंगल ले जाकर दुष्कर्म किया और फरार हो गया था। घटना के बाद से इलाके में भारी विरोध प्रदर्शन चल रहा है, वहीं स्थानीय लोग आरोपी के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं।
जंगल में पंक्चर हुई गाड़ी, गन छीनकर फायरिंग की कोशिश
एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे के अनुसार, औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में पुलिस वाहन का टायर पंक्चर हो गया था। रात करीब 3–4 बजे आरोपी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी सलमान ने एसआई श्यामराज सिंह की बंदूक छीनकर फायरिंग करने और भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके पैर पर गोली चलाई। इस दौरान छीना-झपटी में एसआई श्यामराज सिंह भी घायल हुए और उनकी वर्दी का बैच टूटकर गिर गया। मौके पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर गोली के खोखे और अन्य साक्ष्य जब्त किए।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट न करें — पुलिस की सख्त चेतावनी
मामले को लेकर बढ़ते तनाव के बीच रायसेन पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म, जाति या समुदाय के खिलाफ भड़काऊ, नफरत फैलाने वाली या हिंसा को उकसाने वाली पोस्ट न करने की अपील की है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि ऐसी सामग्री शेयर करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।