डेस्क न्यूज
20 November, 2025
अन्य
नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम मेलकी में बुधवार शाम पैतृक कृषि भूमि और कुएँ के पानी के अधिकार को लेकर तीन भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद पूरे गाँव में तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त है।
फरियादी करतार सिंह पिता प्रभुलाल गुर्जर ने पुलिस को बताया कि उनके बड़े भाई सरदार सिंह बीते कई दिनों से छोटे भाई कल्याण सिंह को कुएँ से सिंचाई नहीं करने दे रहा था। पिता द्वारा जीवनकाल में तीनों भाइयों को समान भूमि और कुओं का बराबर उपयोग करने का अधिकार दिया गया था, लेकिन सरदार सिंह लगातार विवाद खड़ा कर रहा था।
19 नवंबर को शाम 5:30 बजे सरदार सिंह घर के बाहर करतार और कल्याण को गालियाँ देने लगा। जब गालियाँ देने से रोका गया, तो उसने अचानक हाथ में पकड़ी कुल्हाड़ी से कल्याण सिंह पर वार कर दिया, जिससे उसका हाथ और उँगलियों में गहरी चोट लगी और खून बहने लगा। बीच-बचाव करने आए फरियादी करतार सिंह पर भी हमला किया गया, जिससे उन्हें हाथ-पैर में चोट आई।
इलाज जारी, कार्रवाई की मांग तेज
गंभीर रूप से घायल कल्याण सिंह का निजी अस्पताल में इलाज जारी है, उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। फरियादी की रिपोर्ट पर नीमच सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमले जैसी गंभीर घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे उन्हें जान का खतरा महसूस हो रहा है। परिवार ने मांग की है कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।