डेस्क न्यूज
20 November, 2025
अन्य
नीमच। अपर कलेक्टर एवं एडीएम बी.एस. कलेश ने गुरुवार को कलेक्टोरेट परिसर स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति, पंजी संधारण सहित कार्यालयीन अनुशासन की विस्तृत जांच की गई।
एडीएम कलेश ने कृषि, उद्यानिकी, आदिम जाति कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, जिला पेंशन, भू-अभिलेख, सहकारिता, नगर एवं ग्राम निवेश, जिला रोजगार कार्यालय और खाद्य विभाग के दफ्तरों का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। इस दौरान कई विभागों में लापरवाही उजागर हुई।
सबसे गंभीर स्थिति जिला रोजगार कार्यालय में सामने आई, जहां कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित नहीं मिला। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग में सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। आदिम जाति कल्याण विभाग में 2 कर्मचारी, महिला एवं बाल विकास में 2 कर्मचारी तथा श्रम विभाग में भी 2 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए साथ ही श्रम विभाग में उपस्थिति पंजी संधारित नहीं मिली।
भू-अभिलेख विभाग में सभी कर्मचारी उपस्थित थे, लेकिन 2 कर्मचारियों ने पंजी में हस्ताक्षर नहीं किए थे। नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय में 2 कर्मचारी अनुपस्थित थे तथा 1 ने पंजी पर हस्ताक्षर नहीं किए थे।
निरीक्षण के बाद एडीएम कलेश ने अनुपस्थित व लापरवाह कर्मचारियों पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए सभी संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।