मनीष नायक
20 November, 2025
अन्य
नीमच। जिले की जावद तहसील की आलोरी गरवाड़ा पंचायत एक गंभीर विवाद के चलते सुर्खियों में है। पंचायत सचिव राजेश शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक ग्रामीण युवक के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उसे धमकाते दिखाई दे रहा है।
ग्रामीण धर्मराज धाकड़ द्वारा बनाए गए इस वीडियो में सचिव राजेश शर्मा युवक से कहता सुनाई दे रहा है— “तूने मेरी शिकायत की, कान पकड़ कर माफ़ी मांग और मुझे चाय-पानी पिला।” इतना ही नहीं, सचिव खुद को “ब्राह्मण का लड़का” बताते हुए कह रहा है— “मैं मंत्रों से अच्छे-अच्छों को उड़ा देता हूं, मेरा श्राप मत ले।”
सचिव लगातार धमकी भरे और अभद्र शब्दों का प्रयोग करता हुआ दिख रहा है।
धर्मराज धाकड़ ने बताया पूरा मामला
धर्मराज के अनुसार, उनका काम नहीं हो रहा था इसलिए उन्होंने पहले 181 पर शिकायत की थी, जिसे सरपंच ने उठवा लिया। बुधवार शाम वे SIR सर्वे में 2003 में अपनी भुआ का नाम जानने पंचायत पहुंचे थे। जैसे ही सचिव को उनका नाम पता चला, वह भड़क गया और गालियां देते हुए धमकाने लगा। धर्मराज ने कहा - किसी भी ग्रामीण से इस तरह का व्यवहार गलत है। मैं इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से करूंगा।
जिला पंचायत CEO का बयान
द वॉचमैन पोस्ट से बातचीत में जिला पंचायत CEO अमन वैष्णव ने कहा—अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलते ही नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सचिव के खिलाफ पहले भी लग चुके गंभीर आरोप
यह पहला मामला नहीं है। सचिव राजेश शर्मा पर इससे पहले भी कई बार कदाचार और अभद्र व्यवहार के आरोप लगे हैं, लेकिन कार्रवाई ना होने से वह बेखौफ तरीके से ग्रामीणों को धमकाता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव के डर से लोग अपनी बात खुलकर नहीं रख पाते।
अब सवाल यह— कार्रवाई होगी या नहीं ?
पंचायत सचिव का इस तरह का व्यवहार न केवल गैरकानूनी है बल्कि ग्रामीण प्रशासन की छवि पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में सख्त कार्रवाई करता है या फिर सचिव अपनी मनमानी जारी रखेगा।