ताजासमाचार

अस्पताल निर्माण से मुख्य सिंचाई पाइपलाइन फूटी, किसानो की फसल खतरे में, अब कलेक्टर के पास पहुंची ठेकदार की शिकायत 

डेस्क न्यूज 18 November, 2025 अन्य

नीमच। जिले के ग्राम पालसौड़ा में नवीन सरकारी अस्पताल भवन निर्माण के दौरान लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। किसानों ने आरोप लगाया है कि भवन निर्माण की खुदाई के दौरान उनकी मुख्य सिंचाई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई, जिसके बाद ठेकेदार आसीक मंसूरी लगातार मरम्मत से बचते आ रहे हैं। इसी शिकायत को लेकर किसानों शिवनारायण, विनोद व्यास और अशोक पाटीदार ने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने बताया कि रेतम नदी से उनकी कृषि भूमि की सिंचाई होती है और टूटी हुई यह पाइपलाइन लगभग 100 बीघा जमीन की जीवनरेखा है। रबी सीजन शुरू हो चुका है, खेत जुताई कर तैयार हैं, लेकिन पाइपलाइन दुरुस्त न होने से सिंचाई पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे बोवनी में भारी देरी हो रही है और फसल नुकसान का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण के पहले ही दिन पाइपलाइन टूटने पर ठेकेदार ने मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में वह न तो मौके पर आए और न ही किसानों के फोन उठाए। इससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। किसानों ने यह भी बताया कि 4 नवंबर को भी वे इसी शिकायत के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे, जहां कार्रवाई का भरोसा दिया गया था, मगर आज तक कोई सुधार नहीं हुआ।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि रबी की फसल समय पर बोई जा सके और उनका आर्थिक नुकसान रोका जा सके।

Related Post