ताजासमाचार

ग्राम पंचायत मोडी का शासकीय रिकॉर्ड गायब ? उप सरपंच गले में ज्ञापनों की माला पहनकर पहुंचे जनसुनवाई — भ्रष्टाचार के लगाए आरोप 

डेस्क न्यूज 18 November, 2025 अन्य

नीमच | जिले की ग्राम पंचायत मोडी के उप सरपंच कारूलाल राठौर मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में अनोखे अंदाज़ में पहुंचे। गले में उन्होंने अपने द्वारा दिए गए सभी ज्ञापनों की माला पहनी हुई थी, हाथ में तख्ती थी जिस पर लिखा था—“चश्मा उतारो साहब, पंचायत की संवैधानिक व्यवस्थाओं में हुआ भ्रष्टाचार दिखेगा”, और विरोध के प्रतीक के रूप में काला चश्मा भी पहन रखा था। राठौर का कहना है कि वे वर्षों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों ने रुचि नहीं दिखाई, इसलिए उन्हें यह तरीका अपनाना पड़ा।
इस विरोध के पीछे कारण भी गंभीर है। ग्राम पंचायत मोड़ी का वर्ष 1995 से 2012 तक का पूरा शासकीय रिकॉर्ड संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है। सीएम हेल्पलाइन प्रकरण क्रमांक 33519422 में 50 से अधिक अपडेट होने के बावजूद किसी भी स्तर पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। राठौर के अनुसार, पंचायत से कई अहम अभिलेख लापता हैं—पट्टा पुस्तिका, भूखंड आवंटन रजिस्टर, प्रस्ताव पंजी, लेआउट नक्शे, राजस्व अभिलेख, नामांतरण प्रस्ताव, योजनाओं की लाभार्थी सूची, माप पुस्तिकाएं और विकास कार्यों के दस्तावेज। उनका आरोप है कि इतने महत्वपूर्ण रिकॉर्ड बिना सक्षम अधिकारी की रिपोर्ट के गायब होना गंभीर अनियमितता का संकेत है।
राठौर बताते हैं कि वे वर्ष 2020 से प्रमाणों के साथ लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन जनपद जावद से लेकर ग्राम पंचायत मोड़ी तक किसी अधिकारी ने जवाबदेही तय नहीं की। रिकॉर्ड के अभाव में पंचायत अपनी शासकीय भूमि की सुरक्षा तक नहीं कर सकी और वर्ष 2022 में भूमि विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया। उनका कहना है कि यदि रिकॉर्ड मौजूद होते तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में उन्होंने गायब रिकॉर्ड की उच्च स्तरीय जांच, दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई और पंचायत में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Post