ताजासमाचार

आशा–ऊषा एवं पर्यवेक्षक यूनियन का सीएम के नाम ज्ञापन: वेतन–प्रोत्साहन राशि में देरी पर गहरा रोष, प्रदेशव्यापी आंदोलन की दी चेतावनी

डेस्क न्यूज 17 November, 2025 अन्य

नीमच। आशा ऊषा आशा पर्यवेक्षक एकता यूनियन (सीटू), जिला शाखा नीमच ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने बताया कि प्रदेशभर की आशा, ऊषा एवं पर्यवेक्षकों की वेतन–प्रोत्साहन राशि लंबे समय से लंबित है, वहीं केंद्र सरकार द्वारा बढ़ाई गई राशि का एरियर भी अब तक जारी नहीं हुआ। लगातार हो रही देरी पर संगठन ने गहरी नाराज़गी जताते हुए कहा कि इससे हजारों आशा कार्यकर्ताओं की आर्थिक स्थिति संकट में आ गई है और मजबूर होकर वे आन्दोलन की तैयारी कर रही हैं।

यूनियन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि कई जिलों में तीन-तीन माह से भुगतान रुका हुआ है, जबकि प्रोत्साहन राशि का भुगतान तो कई स्थानों पर महीनों से अटका पड़ा है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी भुगतान न होना कार्यकर्ताओं के लिए गंभीर परेशानी का कारण बना। जबकि विभागीय अधिकारियों द्वारा हर माह की 5 तारीख तक प्रोत्साहन राशि देने के आदेश कई बार जारी किए जा चुके हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका पालन कभी नहीं हुआ।

संगठन ने आरोप लगाया कि आशा कार्यकर्ता दिन-रात फील्ड में काम करती हैं, लेकिन न तो उन्हें श्रमिक का दर्जा मिला और न ही न्यूनतम वेतन या सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ। भुगतान में अनियमितताओं के कारण राज्य–केंद्र अंशदान और इंसेंटिव राशि में गड़बड़ियां होती हैं, जिसका सीधा असर आशाओं की आय पर पड़ता है।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गईं—
• सभी बकाया वेतन–प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान
• केंद्र सरकार द्वारा बढ़ाई गई राशि का एरियर सहित वितरण
• हर माह की 5 तारीख तक नियमित भुगतान सुनिश्चित करना
• भुगतान की पर्ची उपलब्ध कराना
• आशा कार्यकर्ताओं को बीएलओ कार्य से मुक्त करना

Related Post