डेस्क न्यूज
16 November, 2025
अन्य
नीमच। मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम मालखेड़ा बांगरेड में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। खेत पर सिंचाई कर रहे 51 वर्षीय किसान जगदीश पिता उदा बंजारा की करंट लगने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार जगदीश रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच अपने खेत में पानी पिला रहे थे। इस दौरान अचानक बिजली के करंट की चपेट में आकर वे गंभीर रूप से झुलस गए। करंट लगते ही उन्होंने जोर से चीख पुकार की, जिसे सुनकर पास के खेत में काम कर रहे उनके बड़े पापा के बेटे सदाराम तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और जगदीश की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
परिजन घायल अवस्था में समझकर उन्हें तुरंत रात करीब 4 बजे नीमच जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण कर जगदीश को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर रविवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।