ताजासमाचार

ग्वालटोली उपद्रव पर भड़का यादव समाज, भारी संख्या में SP को सौंपा ज्ञापन—आरोपियों की गिरफ्तारी व मुआवज़े की उठी मांग

डेस्क न्यूज 15 November, 2025 अन्य

नीमच। ग्वालटोली क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए गंभीर विवाद और तोड़फोड़ की घटना के विरोध में शनिवार को यादव समाज बड़ी संख्या में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और एसपी के नाम सीएसपी को ज्ञापन सौंपा। समाज ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई, अवैध निर्माण हटाने और पीड़ित परिवारों को आर्थिक मुआवज़ा दिलाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 13 नवंबर की रात ग्वालटोली निवासी हिम्मतसिंह (मोंटू) यादव पर बुन्दा पिता लक्ष्मण, कौशल पिता लक्ष्मण और उनके साथियों ने हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। इसके अगले दिन 14 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे किशोर खलीफा सहित 20 से अधिक लोग यादव समाज के रहवासी क्षेत्र में घुस आए और जमकर मारपीट, तोड़फोड़ व उपद्रव किया। इस दौरान घरों के दरवाजे, खिड़कियों के कांच, दोपहिया वाहनों के साथ-साथ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर भी हमला करने का आरोप लगाया गया। उपद्रवियों द्वारा जातिगत अपशब्द कहे जाने और हथियार लहराए जाने से क्षेत्र में भारी दहशत फैल गई। पूरा प्रकरण कैंट थाने में अपराध क्रमांक 0543/2025 के तहत दर्ज हुआ, जिसमें 8 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। यादव समाज ने बताया कि आरोपी पक्ष लगातार पीड़ित परिवारों को जान-माल की धमकियां दे रहा है। शुक्रवार शाम भी आरोपी गली में झुंड बनाकर निकले, जिससे भय और बढ़ गया। समाज ने आरोप लगाया कि वर्षों से शांत माहौल में रहते आ रहे यादव (जाटव) और ग्वाला समाज के बीच जानबूझकर मतभेद फैलाने की कोशिश किशोर खलिफा द्वारा की जा रही है और पूरा उपद्रव उसके संरक्षण में हुआ। समाज ने ज्ञापन में मांग की कि सभी नामजद आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो, अवैध कब्जे व निर्माण हटाए जाएं, पुलिस न्यायालय में जमानत का कड़ा विरोध करे, पीड़ित परिवारों को सरकार से आर्थिक मुआवज़ा मिले, वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाए, और यदि किसी निर्दोष का नाम शामिल हो गया हो तो जांच कर हटाया जाए। ज्ञापन के दौरान यादव महासभा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। समाज ने बताया कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक ज्ञापन और विरोध की प्रक्रिया जारी रहेगी। समाज ने ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री कार्यालय, डीजीपी, आईजी उज्जैन रेंज, कलेक्टर और एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों को भी भेजी हैं।

Related Post