न्यूज डेस्क
15 November, 2025
अन्य
नीमच। जिले के मनासा में शुक्रवार को बाल दिवस के अवसर पर द लेंस मार्ट आई केयर मनासा द्वारा लाभ मुनि नेत्र चिकित्सालय मंदसौर के सहयोग से निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 150 से अधिक लोगों की नजर, चश्मे के नंबर, मोतियाबिंद, नासूर, नाखूना पर्दा सहित विभिन्न नेत्र रोगों की विस्तृत जांच की गई। जांच के बाद चयनित 40 नेत्र रोगियों का मोतियाबिंद ऑपरेशन पूरी तरह निशुल्क किया जाएगा। सभी चयनित मरीजों को शुक्रवार शाम को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया, जिनके लिए लाने-लेजाने, भोजन, ऑपरेशन के बाद दवाइयों और देखभाल की समस्त व्यवस्था भी निशुल्क रहेगी। साथ ही ऑपरेशन के बाद सभी रोगियों को धूप का काला चश्मा भी मुफ्त प्रदान किया जाएगा। शिविर आयोजनकर्ता विकास किलोरिया और ईश्वर चंदेल ने बताया कि यह शिविर सुबह से शाम तक रानी लक्ष्मीबाई मार्ग, कन्याशाला स्कूल के सामने आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ लिया। यह सेवा गतिविधि बाल दिवस पर समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंदों को बेहतर नेत्र उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।