ताजासमाचार

डायल-112 की मानवता की मिसाल: परीक्षा देने आए छात्र का छूटा बैग ढूँढकर समय पर पहुँचाया परीक्षा केंद्र

न्यूज डेस्क 15 November, 2025 अन्य

नीमच। केंट थाना क्षेत्र में डायल-112 स्टाफ ने मानवीय संवेदनशीलता और फुर्ती का परिचय देते हुए एक छात्र की महत्वपूर्ण परीक्षा बचा ली। जबलपुर से प्रतियोगी परीक्षा देने नीमच पहुँचा छात्र जल्दबाज़ी में ऑटो से उतरते समय अपना जरूरी दस्तावेज़ों से भरा बैग ऑटो में ही भूल गया। बैग में एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और महत्वपूर्ण प्रमाण पत्र थे, जिनके बिना परीक्षा देना संभव नहीं था।
यह सूचना 14 नवंबर 2025 को सुबह 11:30 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल केंट थाना क्षेत्र में कार्यरत एफआरव्ही को मदद के लिए रवाना किया गया।
एफआरव्ही स्टाफ महिला प्रधान आरक्षक संतोष नारेड़ा एवं पायलट दीपचंद तुरंत मौके पर पहुँचे और छात्र से पूरी जानकारी ली। समय बेहद कम था और रिपोर्टिंग टाइम नजदीक। ऐसे में डायल-112 टीम ने क्षेत्र में ऑटो वाहनों की तलाश शुरू की। कुछ ही देर की खोज के बाद बैग सुरक्षित मिल गया और तुरंत छात्र को सौंप दिया गया।
मानवीय पहल दिखाते हुए एफआरव्ही टीम ने छात्र को अपने वाहन से सीधे परीक्षा केंद्र पहुँचाया, जिससे वह समय पर परीक्षा दे सका। डायल-112 की इस त्वरित, संवेदनशील और विश्वसनीय कार्यवाही ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह सेवा सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में नागरिकों के लिए भरोसे का मजबूत सहारा भी है।

Related Post