न्यूज डेस्क
13 November, 2025
अन्य
नीमच। मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के सत्र 2025-26 के खेल कैलेंडर के अनुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में संभाग स्तरीय फुटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त राजू सैनी, एबीवीपी महाविद्यालय अध्यक्ष अमन पांडे एवं प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा की अध्यक्षता में हुआ।
प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग के छह जिलों — नीमच, मंदसौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर और रतलाम की टीमों ने भाग लिया।
पहले मैच में मंदसौर ने देवास को 4-0 से हराया,
उज्जैन ने शाजापुर को 4-1 से मात दी।
पहले सेमीफाइनल में रतलाम ने मंदसौर को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया,
जबकि दूसरे सेमीफाइनल में नीमच ने उज्जैन को शानदार खेल दिखाते हुए 7-0 से पराजित किया।
फाइनल मुकाबले में नीमच ने रतलाम को 4-1 से मात देकर लगातार दूसरे वर्ष संभागीय चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
समापन समारोह में प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा, जिला फुटबॉल संघ सदस्य शंकर रामवानी और निर्णायक मोहम्मद रफीक उपस्थित रहे। प्राचार्य ने खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता के संचालन एवं निर्णायक मंडल में डॉ. जितेंद्र सूराह, डॉ. अंकेश सूराह, मयूर सैनी, मोनू और मोहम्मद जाहिद की भूमिका रही। आयोजन में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकगण एवं स्टाफ ने सहयोग प्रदान किया।
प्रतियोगिता संयोजक एवं क्रीड़ा अधिकारी संजीव थोरेचा ने बताया कि चयनित खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता (रीवा) एवं पश्चिमी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता में विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन क्रीड़ा अधिकारी संजीव थोरेचा ने किया।