न्यूज डेस्क
13 November, 2025
अन्य
मंदसौर | हज यात्रा कराने के नाम पर सैकड़ों लोगों को ठगने वाले दो आरोपियों को मंदसौर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन पर पहले ही एसपी विनोद कुमार मीणा ने ₹5000 का इनाम घोषित किया था। आरोपी मंदसौर और उज्जैन के आठ लोगों से कुल ₹18.62 लाख की ठगी कर फरार थे।
टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर के अनुसार, पीड़ित मोहम्मद रशीद (51) सहित आठ लोगों ने आरोपियों से हज यात्रा के लिए संपर्क किया और सभी ने ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए, लेकिन आरोपी न तो यात्रा करवा पाए और न ही पैसे लौटाए। शिकायत पर कोतवाली मंदसौर में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने तकनीकी मदद और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों ओवेश रजा उर्फ आवेश (25) और सैय्यद हैदर अली (33) को जोधपुर, राजस्थान से गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। टीम अब ठगी की गई राशि की बरामदगी के लिए कार्रवाई में जुटी है।
पीड़ितों में मोहम्मद रशीद, शबीह पयामी, रफत पयामी, अख्तर सिद्दीकी, रईस अली पिता सुल्तान अली, शबशाद बी पति रईस अली (सभी मंदसौर निवासी), जमीर उल हक और बुशरा (उज्जैन निवासी) शामिल हैं।