न्यूज डेस्क
13 November, 2025
अन्य
नीमच | शहर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के ग्राउंड पर सीएम राइज़ स्कूल के निर्माण को लेकर खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने कड़ा विरोध जताया है। गुरुवार को सैकड़ों खिलाड़ी बास्केटबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स से जुड़े हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार और जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि स्कूल का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर किया जाए, क्योंकि यह ग्राउंड नीमच का एकमात्र बहु-खेल परिसर है, जहां वर्षों से खिलाड़ी अभ्यास करते आ रहे हैं। खिलाड़ियों ने बताया कि मैदान में दो बास्केटबॉल कोर्ट, एक फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट पिच और एथलेटिक ट्रैक मौजूद हैं, और इसी मैदान से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक कई प्रतिभाएं निकली हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही में तीन खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ है, जिनमें से एक ने जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भारत को 45 साल बाद स्वर्ण पदक दिलाया। इसके अलावा कई खिलाड़ी सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ और रेलवे जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में खेल कोटे से चयनित हुए हैं।
खिलाड़ियों ने प्रशासन से अनुरोध किया कि सीएम राइज़ स्कूल का निर्माण पुराने विद्यालय भवन को हटाकर या किसी अन्य स्थान पर किया जाए, ताकि शिक्षा और खेल दोनों का समान विकास सुनिश्चित हो सके।