न्यूज डेस्क
12 November, 2025
अन्य
नीमच। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। घर के बाहर खेल रही मात्र 4 साल की मासूम बच्ची पर तीन से चार आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। बच्ची के चीखने की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। घायल मासूम को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर करीब 10 टांके लगाए हैं। फिलहाल बच्ची ICU में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वार्ड नंबर 18, शालीमार कॉलोनी निवासी फिरोजा ने बताया कि उनकी बेटी अलशिफा (4) बुधवार दोपहर खाने के बाद आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान कुछ आवारा कुत्ते अचानक घर में घुस आए और बच्ची को आंगन से खींचकर बाहर ले गए। कुत्तों के झुंड ने बच्ची को बुरी तरह नोच डाला। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्ची को बचाया।
डॉक्टरों के अनुसार बच्ची के चेहरे और आंख के पास गहरे जख्म हैं, जिनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शालीमार कॉलोनी में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नगर पालिका से कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है | अब कॉलोनीवासी नगर पालिका से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।