ताजासमाचार

वस्त्र व्यवसायी कल्याण संघ, नीमच द्वारा सपरिवार दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न — मेधावी प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, समाज में सौहार्द और एकता का संदेश

न्यूज डेस्क 11 November, 2025 अन्य

नीमच। वस्त्र व्यवसायी कल्याण संघ, नीमच द्वारा रोटरी सामुदायिक भवन में सपरिवार दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज में पारस्परिक सौहार्द, सांस्कृतिक एकता और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का सुंदर संदेश दिया गया। कार्यक्रम में संघ के सदस्य परिवारों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और पूरे आयोजन में हर्षोल्लास का माहौल रहा।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा — संघ के सदस्य परिवारों के मेधावी बच्चों और युवाओं का सम्मान। मंच पर उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेशेवर उपलब्धियों में समाज का नाम रोशन किया।
सम्मानित श्रेणियों में शामिल रहे:- कक्षा 10वीं व 12वीं में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएँ वर्ष 2025 में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बने या CA फाउंडेशन/ग्रुप परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी, इंजीनियरिंग, IIT, मेडिकल व UPSC परीक्षा में सफल अभ्यर्थी शासकीय सेवा में चयनित युवाओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संघ द्वारा वर्षितप करने वाले भामावत परिवार (जीरन) का विशेष सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के लिए मनोरंजक खेल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और पारिवारिक सहभागिता वाले आयोजन हुए, जिनमें उपस्थित जनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के उपरांत सपरिवार भोजन की व्यवस्था भी संघ द्वारा की गई।

कार्यक्रम के दौरान संघ की साधारण सभा की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें बीते वर्ष के उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी साझा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर माह के अंतिम रविवार को कपड़ा व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे, ताकि व्यापारी वर्ग भी पारिवारिक और सामाजिक गतिविधियों में समय दे सके।

इस अवसर पर संघ के संरक्षक जिनेंद्रजी डोसी, अध्यक्ष दिलीप मोगरा, सचिव दीपक परवानी, कोषाध्यक्ष दीपक शर्मा, सलाहकार समिति सदस्य नरेंद्र कुमार लौढ़ा, सुरेश कुमार सिहल, त्रिलोक धड़ेती, सह-सचिव वैभव पारीक, सहित संघ के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में परिजन उपस्थित रहे।
अध्यक्ष दिलीप मोगरा ने सभी सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि - ऐसे कार्यक्रम समाज को एक सूत्र में जोड़ते हैं, नई पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं और संस्कारों को सुदृढ़ करते हैं।

Related Post