न्यूज डेस्क
10 November, 2025
अन्य
नीमच। शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था कामधेनु गौ सेवा समिति, नीमच को शहर के दानदाताओं की ओर से एक नई सौगात के रूप में ट्रैक्टर प्राप्त हुआ है। यह ट्रैक्टर विशेष रूप से बीमार, घायल एवं विकलांग गौवंश के लिए चारा, सुखला और अन्य आवश्यक सामग्री लाने-ले जाने के कार्य में उपयोग किया जाएगा।
इस पहल से समिति के सेवकों को अपने सेवा कार्यों को और अधिक सुगमता और तत्परता से करने में सहायता मिलेगी। संस्था का कहना है कि अब बीमार एवं असहाय गौवंश तक शीघ्र मदद पहुंचाना संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम का सबसे अनोखा और भावनात्मक क्षण वह रहा जब ट्रैक्टर का पूजन पाँच माह की नन्ही बालिका क्रियांशी अहीर के शुभ हाथों से किया गया। नन्ही बालिका द्वारा पूजन का दृश्य उपस्थित जनों के लिए भावुक और मंगलमय रहा, जिसने वातावरण को भक्ति और सेवा भाव से भर दिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पार्थ जोशी, मितेश अहीर, दुर्गाशंकर धनगर, राहुल रालोत, कुसुम अहीर सहित अनेक गौसेवक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज में गौ सेवा की भावना को और सशक्त करेगी।
गौ सेवा समिति ने सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नगरवासियों से अपील की है कि वे भी इस पुनीत कार्य में सहयोग देकर गौ सेवा अभियान को और व्यापक बनाएं।