ताजासमाचार

नीमच मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्रों की क्लिनिकल ट्रेनिंग शुरू, जिला चिकित्सालय में मिला वास्तविक इलाज का अनुभव

न्यूज डेस्क 07 November, 2025 अन्य

नीमच | वीरेंद्र कुमार सखलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में द्वितीय वर्ष के MBBS छात्रों की क्लिनिकल ट्रेनिंग सोमवार से जिला चिकित्सालय में प्रारंभ हो गई। प्रशिक्षण की शुरुआत के साथ ही छात्रों में वास्तविक चिकित्सा अनुभव प्राप्त करने को लेकर उत्साह देखा गया।
क्लिनिकल ट्रेनिंग के दौरान छात्र मरीजों के लक्षण पहचानना, जांच की प्रक्रिया, प्रारंभिक डायग्नोसिस तथा उपचार पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करेंगे। उन्हें सर्जरी, मेडिसिन, प्रसूति एवं स्त्री रोग, ईएनटी, नेत्र विज्ञान, शिशु रोग, अस्थि रोग सहित विभिन्न क्लिनिकल विषयों में व्यवस्थित प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
महत्वपूर्ण रूप से, चिकित्सा महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्य और रेजिडेंट डॉक्टर्स प्रतिदिन तीन घंटे तक छात्रों को जिला चिकित्सालय में क्लिनिकल प्रैक्टिस और केस-स्टडी सिखाएंगे। इस वर्ष कुल 100 छात्रों का बैच प्रशिक्षण से जुड़ा है, जिन्हें अगले 3.5 वर्षों तक इसी प्रकार नियमित क्लिनिकल ट्रेनिंग प्राप्त होगी।
इस अवधि के बाद छात्रों की अंतिम वर्ष की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत उन्हें एक वर्ष की अनिवार्य इंटर्नशिप करनी होगी, जिसके बाद MBBS की डिग्री प्रदान की जाएगी।

Related Post