ताजासमाचार

कुएं में मिली किशन की लाश, परिजन बोले — पुलिस ने नहीं की अब तक कोई कार्रवाई, निष्पक्ष जांच कर जल्दी न्याय की उठी मांग

न्यूज डेस्क 04 November, 2025 अन्य

नीमच। जिले के ग्राम जावी निवासी 16 वर्षीय किशन भाटी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब मोगिया समाज और पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। मंगलवार को परिजनों और समाजजनों ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक नीमच को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि किशन की अज्ञात लोगों ने हत्या की है, लेकिन घटना के 20 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है।
परिजनों ने बताया कि किशन पुत्र पारसमल भाटी 15 अक्टूबर को सुबह आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए नीमच गया था, लेकिन वह शाम तक घर नहीं लौटा। जब परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। काफी तलाश के बाद नीमच पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जो मंदसौर के लाभमुनि नेत्र चिकित्सालय, सीतामऊ रोड के पास मिली। बाद में पुलिस ने किशन का शव कृषि महाविद्यालय मंदसौर के एक कुएं से बरामद किया।
17 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, लेकिन घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद हत्यारों का कोई पता नहीं चल पाया है। इससे मोगिया समाज और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
समाजजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, गृहमंत्री, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, आईजी उज्जैन रेंज, डीआईजी रतलाम और मंदसौर कलेक्टर को भी भेजी गई है।

Related Post