ताजासमाचार

सीआरपीएफ ने नीमच में राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिखाई एकजुटता की मिसाल — ‘‘रन फॉर यूनिटी’’ और ‘‘सत्यनिष्ठा की शपथ’’ के साथ गूंजा शहर

डेस्क न्यूज़ 31 October, 2025 अन्य

नीमच। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर ग्रुप केन्द्र सीआरपीएफ नीमच के तत्वाधान में शुक्रवार को ‘‘रन फॉर यूनिटी’’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार गेट स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई।

इस अवसर पर आरटीसी नीमच के ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) अनमोल सूद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट छोटन ठाकुर, कमांडेंट विजय कुमार, कमांडेंट हरविंदर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसजी) डॉ. साकिब खान, उप कमांडेंट (प्रशासन) देवेंद्र सिंह नेगी सहित सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) सूद ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल कूटनीति से देश की 562 रियासतों का विलय कर भारत को एक सूत्र में पिरोया। उनके इसी योगदान के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।

उनके संबोधन के बाद ‘‘रन फॉर यूनिटी’’ को सरदार गेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। सीआरपीएफ के जवानों ने तिरंगा थामे ‘‘भारत माता की जय’’ और ‘‘वंदे मातरम्’’ के नारों से पूरा शहर गूंजा दिया। ‘‘मेरा रंग दे बसंती चोला’’ जैसे जोशीले गीतों की धुनों पर जवानों का उत्साह देखते ही बनता था। यह दौड़ सरदार गेट से प्रारंभ होकर मेहता स्टेडियम पर संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और विविधता में एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।

इसी क्रम में 31 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे ग्रुप केन्द्र परिसर में कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू द्वारा सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने देश के प्रति अपनी अटूट निष्ठा और ईमानदारी का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का समापन देशभक्ति और एकता के संदेश एक भारत, श्रेष्ठ भारत के उद्घोष के साथ हुआ, जिसमें सीआरपीएफ ने राष्ट्रीय एकता की भावना को साकार रूप दिया।

Related Post