ताजासमाचार

पति-पत्नी ने महिलाओं को रूपये दोगुना करने का झांसा देकर की लाखों की ठगी, न्यायालय ने सुनाई 3-3 साल की सजा और 3-3 लाख का जुर्माना

डेस्क न्यूज़ 31 October, 2025 अन्य

नीमच। महिलाओं को रूपये दोगुना करने का लालच देना एक दंपति को भारी पड़ गया। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, मनासा आशुतोष यादव की अदालत ने ठगी के आरोपियों पति-पत्नी राहुल मिश्रा (39) और निशा मिश्रा (38), निवासी रामपुरा, जिला नीमच, वर्तमान निवासी इंदौर को धोखाधड़ी के अपराध (धारा 420 भादंवि) में 03-03 वर्ष के सश्रम कारावास और 03-03 लाख रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया है। अदालत ने यह भी आदेश दिया कि अर्थदंड की कुल 6 लाख रुपये की राशि में से फरियादी एवं अन्य पीड़ित महिलाओं को मुआवजे (प्रतिकर) के रूप में राशि लौटाई जाएगी।

एडीपीओ रितेश कुमार सोमपुरा ने बताया कि 17 अक्टूबर 2021 को फरियादी प्रेमलता दीक्षित निवासी रामपुरा ने थाना रामपुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी दंपति ने उसे अपने घर बुलाकर बताया कि उन्होंने एक कंपनी बनाई है, जिसमें पैसा लगाने पर रकम दो से तीन गुना होकर वापस मिलेगी। भरोसा दिलाकर आरोपियों ने उससे 1,50,000 रुपये लिए और रसीद देने से इनकार कर दिया। बाद में जब फरियादी ने रकम मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे और रातोंरात घर का सामान लेकर फरार हो गए।
जांच में पता चला कि आरोपी दंपति ने रामपुरा क्षेत्र की अन्य कई महिलाओं से भी इसी तरह से लाखों रुपए ठगे। इनमें मीना सिसोदिया से 50,000, कमलाबाई सुतार से 1,30,000, पुष्पाबाई सुतार से 45,000, पवित्राबाई शर्मा से 1,10,000 और कृष्णाबाई से 80,000 रुपये लेकर दो से तीन गुना रकम लौटाने का झांसा दिया गया था। सभी महिलाओं ने उधार लेकर, लोन लेकर और अपनी बचत से पैसे लगाए थे।
अभियोजन की ओर से एजीपी गुलाबसिंह चंद्रावत ने न्यायालय में सभी पीड़ित महिलाओं के बयान कराए और अपराध को संदेह से परे साबित किया। न्यायालय ने घटना की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों को कठोर दंड से दंडित किया। साथ ही अर्थदंड की राशि से फरियादिया प्रेमलता दीक्षित को 1,50,000, मीना सिसोदिया को 50,000, कमलाबाई सुतार को 1,30,000, पुष्पाबाई सुतार को 45,000, पवित्राबाई शर्मा को 1,10,000 और कृष्णाबाई को 80,000 रुपये प्रतिकर के रूप में देने का आदेश भी दिया गया। प्रकरण में शासन की ओर से प्रभावी पैरवी एजीपी गुलाबसिंह चंद्रावत द्वारा की गई।

Related Post