डेस्क न्यूज़
30 October, 2025
अन्य
खंडवा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार, 30 अक्टूबर को खंडवा जिले में जलीय वन्यजीव संरक्षण का संकल्प पूरा किया। उन्होंने पुण्य सलिला मां नर्मदा नदी में कई मगरमच्छों को छोड़ा, जिससे न केवल नर्मदा का जलीय जीवन सशक्त होगा, बल्कि प्रकृति के चक्र को भी संतुलन मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “मगरमच्छ मां नर्मदा का वाहन है, और राज्य सरकार उनके वाहन को मां नर्मदा की गोद में बसाने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।” उन्होंने बताया कि नर्मदा नदी का जल मगरमच्छों के आवास के लिए पूरी तरह अनुकूल है। मगरमच्छों को ऐसे स्थानों पर छोड़ा गया है, जहाँ से स्थानीय लोगों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित रहे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार सभी प्रकार के जीव-जंतुओं और जलीय प्राणियों के संरक्षण के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में मगरमच्छ और घड़ियाल जैसे जलीय जीवों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो सरकार की संरक्षण नीतियों की सफलता को दर्शाती है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मनुष्य और वन्य जीव परस्पर एक-दूसरे पर निर्भर हैं। नर्मदा का निर्मल जल और उसमें निवास करने वाले जीव पर्यावरणीय संतुलन के प्रतीक हैं। मगरमच्छ की उपस्थिति मां नर्मदा के लिए शुभ है, यह जल की धारा को सशक्त बनाएगा।