डेस्क न्यूज़
30 October, 2025
अन्य
नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के नेहरू युवा केन्द्र द्वारा रासेयो प्रकोष्ठ के तत्वाधान में युवा संसद 2026 का आयोजन 18 नवंबर 2025 को किया जाएगा।
महाविद्यालय की रासेयो कार्यक्रम अधिकारी एवं युवा संसद 2026 की नोडल अधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम विकसित भारत युवा सम्पर्क कार्यक्रम (VBYCP) के तहत आता है, जो विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप युवाओं और सांसदों के बीच संवाद का एक सशक्त मंच प्रदान करता है।
डॉ. वर्मा ने बताया कि युवा संसद का मुख्य उद्देश्य जिले, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर 18 से 25 वर्ष के युवाओं की आवाज़ को सुनना, उन्हें सार्वजनिक मुद्दों से जोड़ना, राय व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। इसके साथ ही यह पहल युवाओं में सहिष्णुता, संवाद कौशल और नियमों के प्रति सम्मान विकसित करने का अवसर भी प्रदान करती है।
जिला युवा संसद में भाग लेने के लिए प्रतिभागी की आयु 01/09/2025 को 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए और वह आयोजक जिले का मूल निवासी होना आवश्यक है। प्रतिभागियों को सही और स्पष्ट जानकारी प्रदान करनी होगी; गलत जानकारी देने पर उन्हें युवा संसद में भाग लेने से अयोग्य घोषित किया जा सकता है।
इस कार्यक्रम में सहभागिता करने के इच्छुक युवा महाविद्यालय में युवा संसद नोडल अधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा से संपर्क कर सकते हैं। आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को शामिल करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ज्वलंत मुद्दों पर अपनी राय प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करना है।