ताजासमाचार

कंजर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, 13 चोरियों का खुलासा — पशु और बाइक चुराने में थे माहिर

डेस्क न्यूज़ 28 October, 2025 अन्य

रतलाम (जावरा)। रतलाम जिले की जावरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के झालावाड़ जिले की कंजर गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी चोरी की योजना बनाते समय पुलिस के हत्थे चढ़े। जानकारी के अनुसार, आरोपी एक इको कार में बैठकर जावरा शहर में चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने 13 चोरियों का खुलासा किया है, जिनमें बाइक, पशु, पवनचक्की के तार और ट्यूबवेल केबल चोरी की वारदातें शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।


इन वारदातों में रहे शामिल

ग्राम मावता से मोटरसाइकिल चोरी (5-6 माह पूर्व)

ग्राम तालीदाना से बाइक चोरी (लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व)

ग्राम बागिया, रानीगांव, भाटखेड़ा चिकलाना, गोठड़ा रोड, मायाखेड़ा और आलमपुर ठिकरिया से बाइक चोरी

ग्राम लोहारी (जावरा) से पवनचक्की के तार चोरी

ग्राम छाया से ट्यूबवेल की केबल चोरी

ग्राम इस्लामपुर से चार बकरियां चोरी

ग्राम बगला चौराहा से ट्रक में लदे बकरे-बकरियां चोरी

ग्राम कराड़िया से एक भैंस, दो पाड़ियां और एक बछड़ा चोरी


झालावाड़ जिले के हैं दोनों आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी राजू लाल कंजर (25) पिता जसवंत मेघवाल निवासी सोमचढ़ी, थाना उन्हेल, जिला झालावाड़ (राजस्थान) ने बताया कि वह अपने साथी चंद्रपाल कंजर (26) निवासी ग्राम टोकड़ा, थाना उन्हेल, जिला झालावाड़ के साथ चोरी करने के उद्देश्य से जावरा आया था। दोनों पर कई जिलों में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।

Related Post