डेस्क न्यूज
27 October, 2025
राजनीति
द वॉचमैन पोस्ट
भोपाल । भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज नवनियुक्त पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष पवन पाटीदार ने दिलचस्प और अहम मुलाकात देखने को मिली। हाल ही में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त हुए पवन पाटीदार ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान खंडेलवाल ने पाटीदार की नियुक्ति को लेकर कुछ ऐसे बयान दिए, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मुस्कुराते हुए कहा कि सच कहूं तो पवन पाटीदार का बायोडाटा तक मुझे नहीं मिला था, इनसे बमुश्किल एक या दो बार मुलाकात हुई थी। लेकिन भाजपा में यही खूबसूरती है कि योग्य व्यक्ति को अवसर अपने आप मिलता है।
खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि- “भाजपा में कार्यकर्ता संगठन और सत्ता के बीच की कड़ी है। बड़े नेताओं के पीछे घूमने से ज्यादा जरूरी है संगठन को मजबूत करना।
कार्यकारीणी के गठन के निर्देश
इस मौके पर उन्होंने नवनियुक्त मोर्चा अध्यक्ष पवन पाटीदार को कार्यकारीणी के गठन के स्पष्ट निर्देश दिए खंडेलवाल ने कहा कि एक-दो दिन में पूरे प्रदेश का दौरा करें, भाजपा जिलाध्यक्षों और पुरानी मोर्चा कार्यसमिति से भेंट करें। अच्छे और सक्रिय कार्यकर्ताओं का चयन कर शीघ्र कार्यकारिणी का गठन करें।
खंडेलवाल ने पवन पाटीदार को दिया फ्री हैंड
इस मुलाक़ात में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पिछड़ा मोर्चा नवनियुक्त पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार को कहा कि हमारी तरफ से पूरी स्वतंत्रता रहेगी। पिछड़ा मोर्चा जितना मजबूत होगा संगठन उतना ही सशक्त होगा उन्होंने अंत में यह भी जोड़ा कि भाजपा का नेतृत्व संगठन में उतना ही दखल देता है, जितना जरूरी होता है। संगठन में हर योग्य को अवसर और जिम्मेदारी दोनों मिलती है।
ज्ञात हो की पिछले दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपनी टीम की घोषणा करते हुए पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पद पर नीमच निवासी पवन पाटीदार की नियुक्ति की थी । इसके बाद आज सोमवार को मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने प्रदेश कार्यालय भोपाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की ।