डेस्क न्यूज़
27 October, 2025
अन्य
नीमच। दीपों के पर्व दीपावली के उपलक्ष्य में खण्डेलवाल वैश्य समाज नीमच द्वारा भव्य दीपावली मिलन एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह का आयोजन रोटरी सामुदायिक भवन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के आराध्य देव संत सुंदरदास जी महाराज एवं श्रीनाथजी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
अध्यक्ष मधुसूदन खण्डेलवाल व महिला मंडल अध्यक्ष साधना खण्डेलवाल सहित वरिष्ठजनों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। दोनों अध्यक्षद्वय ने समाजजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और समाज की एकता, सहयोग व सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बालिकाओं नायसा लाभी व टियाना दुसाद द्वारा आकर्षक गणेश वंदना तथा गौरी कुलवाल द्वारा सरस्वती वंदना से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके पश्चात समाज के कुल 38 वरिष्ठजन (24 पुरुष व 14 महिलाएं) का सम्मान किया गया। सभी वरिष्ठजनों को शाल एवं मोतियों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान कार्यक्रम के लाभार्थी राहुल घीया रहे।
कार्यक्रम के दौरान सजे दरबार में श्रीनाथजी को छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसके लाभार्थी मधुसूदन खण्डेलवाल, वरुण खण्डेलवाल एवं राजेश माचीवाल रहे। भव्य महाआरती का आयोजन पंडित राकेश शास्त्री के मंत्रोच्चार के साथ किया गया।
बाल कलाकारों की सुंदर प्रस्तुतियों और वंदनाओं को समाज प्रमुख सतीश खण्डेलवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खण्डेलवाल ने पुरस्कृत किया। पुरस्कार वितरण के लाभार्थी साधना खण्डेलवाल रहीं।
दीपावली मिलन समारोह में आकर्षक रंगारंग आतिशबाजी ने सभी का मन मोह लिया, जिसके लाभार्थी विष्णु दुसाद एवं लव कुलवाल रहे।
समारोह में कोषाध्यक्ष संतोष पाटोदिया ने वर्षभर के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन संगठन मंत्री व प्रवक्ता विवेक खण्डेलवाल ‘सोनू’ ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राजेश लाभी द्वारा व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिलन समारोह को उत्साह, सौहार्द व अपनत्व के माहौल में मनाया गया।