ताजासमाचार

कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं के समर्थन में एसपी से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच की मांग

डेस्क न्यूज़ 26 October, 2025 राजनीति

नीमच। जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगातार दर्ज हो रहे मुकदमों को लेकर शनिवार को कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकित जायसवाल से मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं का पक्ष रखते हुए मामलों में निष्पक्ष जांच की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर राजनीतिक पोस्ट डालने के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है और उनके खिलाफ राजनीति से प्रेरित कार्रवाई की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर विरोध दर्ज कराया।

प्रतिनिधि मंडल में पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू, प्रदेश सचिव सत्यनारायण पाटीदार, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल चौरसिया और अरविंद चौपड़ा, पीसीसी सदस्य मंगेश संघई, मधु बंसल, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं लीगल एडवाइजर महेश पाटीदार, तथा भगत वर्मा शामिल रहे।

बैठक के दौरान नेताओं ने बताया कि हाल ही में सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में सिंगोली के ख्वाजा हुसैन, रतनगढ़ के राजू राठौड़, और अठाना क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जो कांग्रेस के अनुसार “राजनीतिक दबाव” में की गई प्रतीत होती है। इसके अलावा सिंगोली पुलिस द्वारा पूर्व सरपंच रामलाल गुर्जर के खिलाफ की गई एकपक्षीय कार्रवाई और इस पर अब तक जांच न होने का मुद्दा भी उठाया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सिंगोली पुलिस बिना किसी औपचारिक शिकायत के कार्यकर्ताओं को फोन कर दबाव बना रही है और मुकदमे दर्ज कर रही है।

इसके साथ ही प्रतिनिधि मंडल ने मनासा के खिमला प्लांट हादसे का मुद्दा भी उठाया। नेताओं ने कहा कि हादसे में मृत परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए किए गए आंदोलन के कई दिनों बाद मनासा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्याम सोनी, जिला पंचायत सदस्य आर. सागर कच्छावा, रामकिशन रावत सहित अन्य पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जो अनुचित है।

कांग्रेस नेताओं ने एसपी से इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की, जिस पर एसपी अंकित जायसवाल ने उचित जांच का आश्वासन दिया।

Related Post