ताजासमाचार

दीपावली पर नीमच में तीन दिन यातायात व्यवस्था में बदलाव, फव्वारा चौक समेत कई मार्ग रहेंगे बंद | यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

डेस्क न्यूज़ 16 October, 2025 अन्य

नीमच। दीपावली महापर्व के अवसर पर नीमच शहर में बढ़ने वाली भारी भीड़ और यातायात के दबाव को ध्यान में रखते हुए 18 अक्टूबर (धनतेरस), 19 अक्टूबर (रूप चौदस) और 20 अक्टूबर (दीपावली) को शहर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। यह व्यवस्था हर दिन सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक लागू रहेगी।

इस निर्णय की घोषणा पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसोदिया के निर्देशन में, यातायात निरीक्षक श्री अमित सारस्वत द्वारा की गई। व्यवस्था का उद्देश्य दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ के बीच आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाना है।

 प्रतिबंधित मार्ग (चार पहिया वाहनों के लिए):

फव्वारा चौक से विजय टॉकीज चौराहा तक

पुस्तक बाजार से जाजु बिल्डिंग - घंटाघर - नया बाजार से बारादरी चौराहा तक

 स्थिति अधिक जटिल होने पर दो पहिया वाहनों पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

परिवर्तित मार्ग :- 

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने से होते हुए हाट मैदान - वीर पार्क रोड - चौपड़ा चौराहा तक आवागमन रहेगा।

बस स्टैंड से बारादरी, फव्वारा चौक, शोरूम चौराहा होकर वाहन चल सकेंगे।

बस स्टैंड से मूलचंद मार्ग - मसीह चर्च - चोकन्ना बालाजी तक आ-जा सकेंगे।

मैसी शोरूम चौराहा से TVS शोरूम - बंसल चौराहा - गोमाबाई रोड तक यातायात सुचारु रहेगा।

 भारी वाहनों के लिए नो एंट्री:- रात्रि 11:00 बजे से सुबह 8:00 बजे तक फव्वारा चौक, CRPT चौराहा, चौपड़ा चौराहा, किलेश्वर मंदिर होते हुए बघाना की ओर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

त्योहार के दौरान पार्किंग की विशेष व्यवस्था निम्न स्थानों पर की गई है: - दशहरा मैदान, टाउन हॉल, ज्ञान मंदिर के पास, पुरानी नगर पालिका, हेमू कॉलोनी चौराहा - बर्फ फैक्ट्री के सामने, मिडिल स्कूल ग्राउंड (जैन भवन के पास), राठौर परिसर के सामने

पुलिस की जनता से अपील:

ट्रैफिक थाना नीमच ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सहयोग करें। व्यापारी बंधुओं से अनुरोध किया गया है कि वे दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करें और ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग सुव्यवस्थित तरीके से कराएं, जिससे बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था न फैले।

Related Post