ताजासमाचार

"ऑपरेशन सुदर्शन चक्र" की बड़ी सफलता: 9 साल से फरार गोवंश तस्करी का आरोपी नीमच से गिरफ्तार

डेस्क न्यूज़ 15 October, 2025 अन्य

चित्तौड़गढ़। गोवंश तस्करी के गंभीर मामले में बीते 9 वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को बिजयपुर थाना पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत नीमच अनाज मंडी से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई "ऑपरेशन सुदर्शन चक्र" के अंतर्गत की गई, जो वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिला स्तर पर चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में एएसपी सरिता सिंह एवं वृताधिकारी ग्रामीण शिव प्रकाश के निर्देशन में बिजयपुर थानाधिकारी प्रभु सिंह चुंडावत ने टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

टीम में एएसआई जयसिंह, कांस्टेबल सतीश और रणजीत सिंह शामिल रहे, जिन्होंने मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विनोद कुमार उर्फ भूरा (35 वर्ष), पुत्र अनिल कुमार जाटव, निवासी गणेश स्कूल के पीछे, यादव मोहल्ला, बघाना, थाना बघाना, जिला नीमच (म.प्र.) के रूप में हुई है।

विनोद कुमार बिजयपुर थाना क्षेत्र में दर्ज गोवंश तस्करी के एक पुराने मामले में वांछित था और विगत 09 वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे नीमच की अनाज मंडी से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Related Post