डेस्क न्यूज़
14 October, 2025
अन्य
नीमच | सिवनी जिले के बहुचर्चित 3 करोड़ रुपये के हवाला लूट मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने सख्त रुख अपनाते हुए CSP समेत 11 पुलिसकर्मियों के खिलाफ डकैती, अपहरण और आपराधिक षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराओं में FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
यह आपराधिक मामला थाना लखनवाड़ा में अपराध क्रमांक 473/2025 के तहत दर्ज किया गया है। FIR में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की निम्नलिखित धाराएँ शामिल हैं: धारा 310(2): डकैती, धारा 126(2): अवैध रूप से रोकना, धारा 140(3): अपहरण, धारा 61(2): आपराधिक षड्यंत्र
प्रारंभिक जांच के अनुसार, पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने हवाला कारोबार से जुड़े तीन करोड़ रुपये की राशि को अवैध रूप से जब्त किया, और इस पूरी घटना को लूट की शक्ल में अंजाम दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, यह मामला सामने आने के बाद डीजीपी मकवाना ने त्वरित संज्ञान लिया और सख्त जांच के निर्देश दिए। जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
राज्य पुलिस विभाग ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि कानून के रखवालों द्वारा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई राज्य में पुलिस सुधार और पारदर्शिता की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।