ताजासमाचार

दशहरा मैदान में सजेगा अस्थायी दिवाली बाजार, गोटी सिस्टम से 250 दुकानों का आवंटन

डेस्क न्यूज़ 14 October, 2025 अन्य

नीमच | आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने अस्थायी दिवाली बाजार की तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। सोमवार को नगर पालिका द्वारा टाउन हॉल में गोटी सिस्टम के माध्यम से लगभग 250 दुकानों का आवंटन किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार, नपा सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
 इस वर्ष भी दशहरा मैदान में अस्थायी दिवाली बाजार सजाया जाएगा। पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से दुकानों का आवंटन गोटी सिस्टम के माध्यम से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। कुल 250 दुकानों के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। इन दुकानों में खिलौने, मिट्टी के दीपक, विद्युत लाइटें, सजावटी सामग्री, परमल एवं पूजा-सामग्री की बिक्री की जाएगी।
नगर पालिका द्वारा बाजार की रूपरेखा का नक्शा भी जारी किया गया है, ताकि व्यापारियों को अपने निर्धारित स्थान की पहचान में आसानी हो। दुकानों का आवंटन होने के बाद मंगलवार से ही दुकानदारों द्वारा अपने स्थान पर सजावट और सामग्री की व्यवस्था प्रारंभ कर दी जाएगी। दशहरा मैदान में स्थापित यह बाजार दीपावली तक सक्रिय रहेगा और शहरवासियों के लिए खरीदारी का प्रमुख केंद्र बनेगा। प्रशासन द्वारा बाजार की व्यवस्था एवं सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए जाने की बात भी कही गई है।

Related Post