ताजासमाचार

नीमच जिला आरसीएमएस में पहले स्थान पर, कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को दी बधाई | राजस्व मामलों के निराकरण में 86 प्रतिशत सफलता, नक्शा निर्माण और विवाद निपटारे पर विशेष जोर

डेस्क न्यूज़ 13 October, 2025

नीमच | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टोरेट सभागार में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में जिले की बड़ी उपलब्धि सामने आई। आरसीएमएस (राजस्व न्यायिक प्रकरण प्रबंधन प्रणाली) के तहत नीमच जिला पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। जिले ने अब तक 86 प्रतिशत राजस्व प्रकरणों का निराकरण कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। कलेक्टर चंद्रा ने इस उपलब्धि के लिए जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों को बधाई दी और उनकी सराहना की।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के नक्शा-विहीन ग्रामों का शीघ्रता से भौतिक सत्यापन कर नक्शा निर्माण का कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामवार कार्य योजना तैयार कर तय समय में नक्शों का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम रास्तों, शासकीय मार्गों और परंपरागत रास्तों से जुड़े विवादों को प्राथमिकता से चिन्हित कर एक सप्ताह में सूची तैयार करें और उनका मध्‍यस्‍थता के माध्यम से समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि ज़मीन संबंधी विवादों का समाधान आपसी सहमति और पारदर्शिता से किया जाए, ताकि सामाजिक सौहार्द्र बना रहे।लेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि जिले के मजरे-टोले, जिन्हें अभी तक स्वतंत्र ग्राम का दर्जा नहीं मिला है, उन्हें नवीन राजस्व ग्राम घोषित करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही, नक्शा तरमीम और बटांकन से जुड़े लंबित कार्यों में भी प्रगति लाई जाए। पीएम किसान सम्मान निधि के शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी शीघ्र पूरी करें, बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत शेष पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच संजीव साहू, एसडीएम जावद प्रीती संघवी, एसडीएम मनासा किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन सहित सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

Related Post