डेस्क न्यूज़
12 October, 2025
अन्य
नीमच । खण्डेलवाल वैश्य समाज की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक समाज अध्यक्ष मधुसूदन खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें आगामी अन्नकूट महोत्सव को लेकर अनेक महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
समाज का पारंपरिक अन्नकूट महोत्सव इस वर्ष 26 अक्टूबर, रविवार को बड़े हर्षोल्लास, धार्मिक श्रद्धा और सामाजिक एकता के भाव के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव की शुरुआत संत सुंदरदास जी की आरती से होगी, इसके पश्चात सभी स्वजातीय बंधुओं के लिए भोजन प्रसादी की विशेष व्यवस्था रहेगी।
इस अवसर पर समाज के 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ महिला एवं पुरुष सदस्यों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में छप्पन भोग का भव्य आयोजन रहेगा, वहीं समाज की महिलाएं अपने घरों से पाँच-पाँच दीपक लेकर आएंगी, जिनसे विशाल और भव्य दीप महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
महिला मंडल द्वारा तैयार की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और रंगारंग आतिशबाजी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। महिला मंडल अध्यक्ष साधना खण्डेलवाल एवं कोषाध्यक्ष हेमा वैध ने बताया कि इस आयोजन में महिलाओं की उत्साही भागीदारी समाज में ऊर्जा और नवचेतना का संचार करती है।
समाज अध्यक्ष मधुसूदन खण्डेलवाल एवं सचिव राजेश लाभी ने कहा कि अन्नकूट महोत्सव समाज में एकता, सहयोग और संस्कारों के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने सभी समाजबंधुओं से सपरिवार उपस्थित होकर इस पारंपरिक पर्व को भव्यता प्रदान करने का आग्रह किया।
बैठक में परामर्शदाता वरुण खण्डेलवाल, उपाध्यक्ष नारायण खण्डेलवाल, प्रदीप घीया, कोषाध्यक्ष संतोष पाटोदिया, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता विवेक खण्डेलवाल (सोनू), सदस्य दिनेश दुसाद, राकेश लाभी, राजेश माचीवाल, लव कुलवाल, विष्णु दुसाद, अनुज खण्डेलवाल सहित अनेक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी समाज के प्रवक्ता एवं संगठन मंत्री विवेक खण्डेलवाल द्वारा दी गई।