डेस्क न्यूज़
11 October, 2025
अन्य
नीमच। औद्योगिक क्षेत्र स्थित परफेक्ट वायर इंडस्ट्रीज में मजदूरों के प्रति प्रबंधन के तानाशाही व्यवहार और श्रम कानूनों के उल्लंघन के खिलाफ शनिवार को एक मजदूर ने अपने पूरे परिवार के साथ फैक्ट्री गेट के सामने धरना दे दिया। मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत रहे रवि नागदा ने आरोप लगाया कि प्रबंधन द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के चलते उन्होंने एक माह पूर्व नौकरी छोड़ दी थी, लेकिन आज तक उनका बकाया वेतन और अन्य भुगतान नहीं किया गया है।
धरना दे रहे रवि नागदा के साथ उनकी पत्नी, दो बच्चे और साथी मजदूर शांतिलाल पाटीदार, धर्मेंद्र यादव तथा रुपेश बाबा भी शामिल हुए। सीटू यूनियन के जिला महासचिव सुनील शर्मा ने बताया कि परफेक्ट वायर इंडस्ट्रीज में श्रमिकों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। मजदूरों को न तो न्यूनतम वेतन मिल रहा है और न ही नियमानुसार अवकाश एवं ओवरटाइम का भुगतान किया जा रहा है। कई मजदूर, तंग आकर, पहले ही नौकरी छोड़ चुके हैं। इसके अलावा, पुराने वेतन एरियर का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है। इस संबंध में श्रम विभाग में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, जिन पर फिलहाल कार्रवाई जारी है।
धरने की सूचना मिलने पर फैक्ट्री मालिक अशोक पोरवाल मौके पर पहुंचे और रवि नागदा व यूनियन प्रतिनिधियों से चर्चा की। बातचीत के दौरान पोरवाल ने एक सप्ताह के भीतर समस्त बकाया भुगतान करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद रवि नागदा ने धरना अस्थायी रूप से समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में भुगतान नहीं हुआ, तो वे परिवार सहित पुनः धरने पर बैठेंगे और आमरण अनशन करेंगे।
कामरेड सुनील शर्मा ने कहा कि श्रम अधिकारियों द्वारा बार-बार समझाइश देने के बावजूद फैक्ट्री प्रबंधन का रवैया लगातार तानाशाही बना हुआ है। यदि मजदूरों के साथ अन्याय और शोषण बंद नहीं हुआ, तो यूनियन व्यापक स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होगी।