डेस्क न्यूज़
11 October, 2025
राजनीति
नीमच। छिंदवाड़ा में कथित तौर पर जहरीली कफ सिरप के सेवन से 22 मासूम बच्चों की मौत के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को नीमच जिले के विभिन्न ब्लॉकों और नगरों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की।
कांग्रेस ने लगाए नारे, जताया आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “मासूमों की मौत का जवाब दो”, “भ्रष्ट सरकार हाय-हाय”, “स्वास्थ्य मंत्री इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए। इस अवसर पर मृत बच्चों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने जावद और ग्राम जावी में विरोध कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का भयावह उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में वितरित की गई कफ सिरप "दवा नहीं, ज़हर" साबित हुई। बाहेती ने कहा कि इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद यदि स्वास्थ्य मंत्री अपने पद पर बने हुए हैं, तो यह नैतिक पतन का परिचायक है।
पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल ने नीमच शहर ब्लॉक के आयोजन में भाग लिया। वहीं, प्रदेश सचिव सत्यनारायण पाटीदार और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजीत कांठेड़ ने जावद में श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया।
जिलेभर में निकाले गए कैंडल मार्च —
नीमच जिले के विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस द्वारा कैंडल मार्च निकाले गए, जिनकी जानकारी इस प्रकार है:
जावद नगर: इंदिरा गांधी कॉम्प्लेक्स से प्रारंभ होकर पूरे नगर में मार्च
रतनगढ़: सब्जी मंडी से गांधी चबूतरे तक
सिंगोली: गांधी भवन से नगर भ्रमण
मनासा: विजय स्तंभ चौराहा पर
कुकड़ेश्वर: कांग्रेस कार्यालय से मुख्य बाजार तक
नीमच शहर: गांधी भवन से विजय टॉकीज चौराहा तक
जीरन: सरदार पटेल चौक पर
जावी (नीमच ग्रामीण): हनुमान मंदिर चौक से गाँव में मार्च
नेताओं की सहभागिता
जिलेभर में हुए इन आयोजनों में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। ब्लॉक अध्यक्षों में प्रमुख रूप से ओमप्रकाश राव जावद, गोविंद सिंह सांडा (रतनगढ़), मनीष जैन (सिंगोली), विनोद दक (जीरन), राकेश अहीर ‘मोनू लोक्स’ (नीमच शहर), बलवंत पाटीदार (नीमच ग्रामीण), श्याम सोनी (मनासा), कैलाश राठौड़ (कुकड़ेश्वर) ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक मृत मासूमों को न्याय नहीं मिलता और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।