ताजासमाचार

‘द वॉचमैन पोस्ट’ की खबर का असर: नीमच में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, ट्रैफिक सुधार की कार्रवाई शुरू

डेस्क न्यूज़ 10 October, 2025 प्रशासनिक

नीमच (द वॉचमैन पोस्ट)। शहर में बेलगाम ट्रैफिक और सड़कों पर पसरी अराजकता को लेकर 'द वॉचमैन पोस्ट' द्वारा प्रकाशित एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के बाद, नगर पालिका और यातायात विभाग हरकत में आ गया है। शुक्रवार को प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

टैगोर मार्ग, वीर पार्क रोड और जैन भवन रोड जैसे अति-व्यस्त क्षेत्रों में दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर रखी गई सामग्री को जप्त किया गया और संबंधित व्यापारियों पर 500 से 1000 रुपये तक का जुर्माना भी लगाया गया।

 "शहर की अव्यवस्था की तस्वीरें और हकीकत उजागर करने वाली हमारी रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने अब आँखें खोली हैं।"

 कब्जे में आए ठेले, हटाए गए सामान – फुटपाथ को दिलाई आज़ादी

टीम में मौजूद यातायात थाना प्रभारी अमित सारस्वत ने बताया कि यह कार्रवाई नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के आधार पर की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

नगर पालिका के अधिकारी टेकचंद बुनकर, महावीर जैन और हेमंत कलोशिया सहित अन्य स्टाफ कार्रवाई में शामिल रहे।

 “दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि यदि वे दोबारा फुटपाथ या सड़क किनारे अतिक्रमण करते हैं, तो अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।”


एक्सपोज़ के बाद एक्शन — पत्रकारिता ने फिर निभाई निगरानी की भूमिका

बीते दिन द वॉचमैन पोस्ट ने प्रकाशित की थी एक तीखी रिपोर्ट—

"ग्रामीण हाट बाजार में तब्दील नीमच के मुख्य मार्ग",
"हर नया सिंघम कुछ ही वक्त में चला जाता है तंद्रा में",
"निकले ही क्यों घर से!"

इस रिपोर्ट में ट्रैफिक सिस्टम की खामियां, प्रशासन की सुस्ती और अव्यवस्था की गहराई को बेबाकी से सामने रखा गया था।

अब उसी रिपोर्ट का सीधा असर देखने को मिला है, जब नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त एक्शन लेते हुए अव्यवस्था पर नकेल कसने की शुरुआत की


 अब इंतज़ार व्यवस्था की निरंतरता का, सिर्फ़ फोटो- शॉप से बात नहीं बनेगी

हालांकि यह शुरुआत स्वागत योग्य है, लेकिन सवाल अब भी वही है — क्या यह कार्रवाई दीपावली तक ही सीमित रहेगी या स्थायी सुधार की ओर बढ़ेगी?
ट्रेवल्स बसों की मनमानी, फुटपाथ की वापसी और ट्रैफिक कंट्रोल की दिशा में ठोस नीति की आवश्यकता अब भी बनी हुई है।

द वॉचमैन पोस्ट अपने पत्रकारिता धर्म का पालन करते हुए आगे भी ऐसी रिपोर्टिंग जारी रखेगा — क्योंकि जब सवाल उठते हैं, तभी सिस्टम जवाब देता है।

Related Post