ताजासमाचार

नीमच मंडी में मूंगफली की नीलामी को लेकर हंगामा, किसानों ने रोकी बोली प्रक्रिया — अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला सुलझा

डेस्क न्यूज़ 08 October, 2025 प्रशासनिक

नीमच। बुधवार को नीमच कृषि उपज मंडी में मूंगफली की नीलामी के दौरान मूल्य निर्धारण को लेकर किसानों और व्यापारियों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। मामला तब तूल पकड़ गया जब एक किसान को घोषित बोली मूल्य से कम का भुगतान दिए जाने की जानकारी मिली। इस पर आक्रोशित किसानों ने मंडी परिसर का मुख्य गेट बंद कर नीलामी प्रक्रिया को अस्थायी रूप से रोक दिया।

जानकारी के अनुसार, सुवासरा से आए एक किसान की मूंगफली की बोली 4650 रुपये प्रति क्विंटल लगी थी, लेकिन जब उसे भुगतान की पर्ची दी गई तो उस पर मात्र 4400 रुपये प्रति क्विंटल अंकित थे। मूल्य में अंतर पाकर किसान ने विरोध जताया, जिस पर अन्य किसान भी उसके समर्थन में आ गए। आरोप है कि जब किसानों ने विरोध किया, तो व्यापारियों ने भाव और घटा कर 4200 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया, जिससे मामला और अधिक गरमा गया।

घटना की जानकारी मिलने पर मंडी निरीक्षक समीर दास सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर समझाइश दी। मंडी प्रशासन ने तकनीकी त्रुटि स्वीकार करते हुए बताया कि बुधवार को मूंगफली की आवक अपेक्षाकृत अधिक थी, जिससे नीलामी पर्चियों में मूल्य संबंधित त्रुटि हो गई। मंडी निरीक्षक समीर दास ने कहा कि “किसान को भाव को लेकर भ्रम था। भीड़ के कारण सुनने और लिखने में चूक हो गई थी।”

करीब 10 मिनट तक नीलामी प्रक्रिया रुकी रही। बाद में बातचीत के जरिए सहमति बनते ही प्रक्रिया पुनः शुरू कर दी गई। सहमति के अनुसार, मूंगफली का अंतिम भाव 4600 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया, जिसे किसानों ने स्वीकार कर लिया।

फिलहाल मंडी परिसर में स्थिति सामान्य है और नीलामी प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है।

Related Post