डेस्क न्यूज़
08 October, 2025
प्रशासनिक
नीमच। नाथ योगी समाज से जुड़े गुरू गोरक्षनाथ इंटरनेशनल फाउंडेशन ने बुधवार को जिला प्रशासन से दो ग्रामों में समाधि स्थल हेतु भूमि आरक्षित करने की मांग की। इस संबंध में संगठन द्वारा जिला कलेक्टर नीमच के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसे उनके प्रतिनिधि ने प्राप्त किया।
ज्ञापन में मांग की गई है कि तहसील मनासा के ग्राम बर्डिया जागीर और ग्राम पिपल्यारावजी में शासकीय भूमि में से नाथ योगी समाज के लिए दो-दो बीघा भूमि समाधि स्थल अथवा श्मशान घाट के रूप में आरक्षित की जाए।
फाउंडेशन की ओर से ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम बर्डिया जागीर में समाज के लगभग 20 से 25 और ग्राम पिपल्यारावजी में करीब 25 से 30 परिवार निवास करते हैं। वर्तमान में इन दोनों ग्रामों में समाज का कोई स्थायी समाधि स्थल उपलब्ध नहीं है, जिससे समाजजन अपने परिजनों की समाधि खेतों, कुओं या घरों के आसपास बनाते हैं। यह न तो परंपरागत रूप से उचित है और न ही सामाजिक दृष्टि से स्थायी समाधान है।
संस्थान ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि संबंधित पटवारियों को निर्देशित कर दोनों ग्रामों में उपलब्ध शासकीय भूमि का सर्वे कराया जाए और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त भूमि चिन्हित कर आरक्षित की जाए।
फाउंडेशन ने इसे समाज की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय बताते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई है। साथ ही कहा गया है कि यदि प्रशासन द्वारा भूमि आरक्षित की जाती है तो नाथ योगी समाज सदैव आभारी रहेगा।