डेस्क न्यूज़
07 October, 2025
अन्य
नीमच। प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर उपनगर नीमच सिटी में परंपरा का निर्वहन करते हुए हिंदू संगठनों द्वारा भव्य मशाल जुलूस का आयोजन किया गया। यह आयोजन धर्म, परंपरा और एकता का प्रतीक बनकर क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रहा।
मशाल जुलूस प्रताप चौक से प्रारंभ होकर नीमच सिटी के विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ पुनः प्रताप चौक पर आकर संपन्न हुआ। जुलूस में बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। सभी कार्यकर्ताओं ने हाथों में जलती हुई मशालें और भगवा पताकाएं थाम रखी थीं, जो पूरे माहौल को जोश और आस्था से भर रहे थे। युवाओं द्वारा "जय श्री राम", "हर हर महादेव" के जयघोष पूरे मार्ग में गूंजते रहे, जिससे वातावरण धर्ममय हो गया। जुलूस के दौरान अनुशासन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मुस्तैदी से तैनात रहे।
यह मशाल जुलूस हिंदू समाज की आस्था, परंपरा और एकजुटता का जीवंत उदाहरण बना। श्रद्धा, ऊर्जा और उत्साह से भरे इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि परंपराएं जब अनुशासन और समर्पण के साथ निभाई जाती हैं, तो वे समाज को नई दिशा देती हैं।