ताजासमाचार

एमपी में निकली बड़ी भर्ती ! सूबेदार और एसआई के 500 पदों पर जल्द शुरू होंगे आवेदन, जानिए आवेदन के लिए क्या है नियम...

डेस्क न्यूज़ 07 October, 2025 अन्य

भोपाल । मध्यप्रदेश में सब इंस्पेक्टर और सूबेदार के 500 पदों पर भर्ती होगी। कर्मचारी चयन मंडल ने इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। उम्मीदवार 27 अक्टूबर से एमपी ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे, जिसकी अंतिम तिथि 10 नवंबर तय की गई है। 15 नवंबर तक आवेदन में संशोधन किया जा सकेगा। परीक्षा 9 जनवरी 2026 से दो पालियों में शुरू होगी।
कुल 500 पदों में सूबेदार के 28, उप निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) के 95 और उप निरीक्षक (सामान्य ड्यूटी) के 377 पद शामिल हैं। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपए और एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 250 रुपए रखा गया है। वहीं विभागीय परीक्षा देने वाले अनारक्षित वर्ग के लिए शुल्क 200 रुपए और आरक्षित वर्ग के लिए 100 रुपए तय किया गया है।
सूबेदार और उप निरीक्षक दोनों पदों के लिए वेतनमान 36,200 से 1,14,800 रुपए रहेगा। उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री या समकक्ष योग्यता होना आवश्यक है। परीक्षा केंद्र प्रदेश के 12 शहरों — भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रीवा, रतलाम, सागर, सतना, सीधी, उज्जैन और अनूपपुर — में बनाए जाएंगे।
आयु सीमा की बात करें तो मध्यप्रदेश के अनारक्षित व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पुरुषों की अधिकतम आयु 33 वर्ष, जबकि अन्य प्रदेशों के सभी उम्मीदवारों की आयु सीमा भी 33 वर्ष तय की गई है। मध्यप्रदेश की सभी श्रेणी की महिला उम्मीदवारों को 38 वर्ष तक की छूट दी गई है। वहीं एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग के महिला और पुरुष उम्मीदवारों सहित नगर सैनिकों और शासकीय निगम-मंडल कर्मचारियों के लिए भी अधिकतम आयु सीमा 38 वर्ष रखी गई है।
अंतरजातीय विवाह करने वाले पुरुषों को 38 वर्ष और महिलाओं को 43 वर्ष की आयु तक आवेदन की अनुमति दी गई है। विक्रम पुरस्कार विजेता अनारक्षित पुरुषों के लिए आयु सीमा 38 वर्ष और महिलाओं के लिए 43 वर्ष, जबकि आरक्षित वर्ग के विक्रम पुरस्कार विजेता पुरुषों के लिए यह सीमा 43 वर्ष तय की गई है। परीक्षा नियम पुस्तिका मंडल की वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर उपलब्ध है, जिसे डाउनलोड कर उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया और नियमों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Related Post