ताजासमाचार

इंदिरा नगर में ऐतिहासिक रूप से सफल रहा दशहरा उत्सव: हजारों की भीड़ बनी साक्षी

06 October, 2025

नीमच। मॉर्निंग क्लब इंदिरा नगर द्वारा गठित माँ शीतला माताजी दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में गैस गोदाम खेल मैदान परिसर में आयोजित एक दिवसीय भव्य दशहरा मेला एवं रावण दहन कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। प्रथम बार आयोजित हुए इस मेले को देखने हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक पहुंचे। शाम होते-होते मैदान जनसमूह से खचाखच भर गया, अनुमान से अधिक श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भागीदारी की।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने किया उत्साहवर्धन
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दिलीपसिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान (भाईजी), नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, समाज सेवी संतोष चौपड़ा एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि दिग्विजयसिंह चुण्डावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत समिति के ओम दीवान, विजयसिंह चौहान, मुकेश पोरवाल, जुगल कंडारा, शौकीन पामेचा, एवं जीवनलाल सिंघवा ने ओढ़ना और बैंच लगाकर किया।


स्वांग प्रतियोगिता और शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र--
अतिथियों ने श्रीराम-जानकी-हनुमान की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद इंदिरा नगर स्थित शिव चौक मंदिर से भगवान श्रीराम, सीता और हनुमान जी के स्वांगधारियों की शोभायात्रा बैंड-बाजे के साथ निकली, जो प्रमुख मार्गों से होती हुई दशहरा मैदान तक पहुँची। मेले में अनेक स्वांगधारियों ने अपने-अपने अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। निर्णायक मंडल में मीना मनावत, पूर्वा बाहेती, शोभा जैन, अर्चना तिवारी और वंदना जैन ने विजेताओं का चयन किया। जूनियर वर्ग में - प्रथम पुरस्कार: हनुमान स्वांग – रुद्राक्ष शर्मा, द्वितीय पुरस्कार: महाराणा प्रताप स्वांग – दक्ष सिंह, तृतीय पुरस्कार: राम-सीता स्वांग – नंदनी पाल एवं दक्ष सिंघवा को मिला।


रावण दहन और आतिशबाजी ने बांधा समां--
रात होते-होते जैसे ही अतिथियों ने रावण के पुतले को अग्नि दी, मैदान गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। पांच मिनट में ही विशाल रावण का पुतला आतिशबाजी के बीच राख में बदल गया। आतिशबाजी और प्रकाश सज्जा ने पूरे मैदान को आलोकित कर दिया।


विधायक ने की घोषणा--
विधायक दिलीपसिंह परिहार ने पंचमुखी बालाजी मंदिर की छत के लिए ₹1.50 लाख एवं मॉर्निंग क्लब को ₹21 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की। सफल संचालन और अनुकरणीय व्यवस्था कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन पत्रकार मनीष चांदना ने किया, जिनकी ऊर्जावान प्रस्तुति ने वातावरण को जीवंत बनाए रखा। मेले में खाने-पीने की दुकानें, झूला-चकरी और मनोरंजन के स्टॉल बच्चों और बड़ों के आकर्षण का केंद्र रहे।


पुलिस व्यवस्था रही सराहनीय--
सीएसपी और टीआई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे, जिसके चलते पूरा आयोजन बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न हुआ। उपस्थित नागरिकों ने पुलिस और प्रशासन की तत्परता की खुलकर सराहना की।


सफलता का श्रेय पूरी टीम को--
मॉर्निंग क्लब के विजयसिंह चौहान, ओम दीवान, मुकेश पोरवाल, निलेश जोशी, जयप्रकाश दलवी, शौकीन पामेचा, जीवनलाल सिंघवा, जुगल कंडारा, योगेश कंडारा, कमल चौधरी, दिनेश पटेल, राजेंद्र मालवीय, कमलेश देतवाल, मनोहर सोनगरा, प्रभुलाल भलवारा, महेंद्रपाल सिंह सिसौदिया, चुन्नीलालजी, और गोपाल सिंह सिसोदिया सहित सभी सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में मॉर्निंग क्लब ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका, पत्रकारगणों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Related Post