डेस्क न्यूज़
04 October, 2025
अन्य
नीमच | स्वर्णकार समाज के आराध्य देव महाराजा अजमीढ़ जी की जयंती के उपलक्ष्य में चार दिवसीय भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ 4 अक्टूबर, शनिवार को स्थानीय स्वर्णकार धर्मशाला में धार्मिक हवन के साथ हुआ। समाजजनों ने सामूहिक रूप से भाग लेकर इस आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। पहले दिन दोपहर में महिलाओं के लिए विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें व्यंजन प्रतियोगिता, रंगोली सजावट, स्लो स्कूटी रेस, मटकी फोड़, लूडो किंग और गरबा नाइट जैसी गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को जीवंतता से भर दिया।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि 5 अक्टूबर रविवार को ‘श्री स्वर्णकार आनंद मेला’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। 6 अक्टूबर को सुबह 9 बजे समाज की एकता और गौरव का प्रतीक भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी। इसके बाद दिनभर महिला क्रिकेट, सितोलिया, चेयर रेस, एक मिनट गेम शो और रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रमों का समापन 7 अक्टूबर मंगलवार को भव्य चल समारोह के साथ होगा, जिसके अंतर्गत समाज के वरिष्ठ महिला-पुरुषों एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद सहभोज का आयोजन कर इस चार दिवसीय जयंती महोत्सव का समापन किया जाएगा।
महाराजा अजमीढ़ जयंती पर आयोजित यह आयोजन न केवल समाज की धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता, संस्कृति और परंपराओं को भी मजबूती प्रदान करता है। स्वर्णकार समाज का यह भव्य उत्सव समाज में नई ऊर्जा, उत्साह और संगठन का संदेश दे रहा है।