डेस्क न्यूज़
04 October, 2025
अन्य
नीमच । बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार को बघाना अरनिया मैदान में दशहरा उत्सव समिति अरनिया कुमार बघाना के तत्वावधान में दशहरा उत्सव बड़ी धूमधाम, भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण 41 फीट ऊंचे रावण के पुतले का सतरंगी आतिशबाजी के साथ दहन रहा, जिसे देखने के लिए क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा और वातावरण में उत्साह और उमंग का संचार हो गया।
रावण दहन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, और भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनके साथ दशहरा उत्सव समिति के समस्त सदस्य भी आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत रात 8 बजे भव्य रंगारंग आतिशबाजी से हुई, जिसके बाद राम-रावण युद्ध की नाट्य झांकी और कालका माता की परिक्रमा ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्वांगधारी कलाकारों ने पारंपरिक परिधान में अपने शानदार अभिनय से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रावण दहन उपरांत, कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्वांगधारी कलाकारों को समिति द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और आत्मबल और भी ऊंचा हुआ।
इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि भारतीय संस्कृति में धर्म, आस्था और परंपराएं जन-जन से जुड़ी हुई हैं और सामूहिक उत्सवों के माध्यम से सामाजिक समरसता और संस्कारों का सशक्त संचार होता है।