डेस्क न्यूज़
02 October, 2025
अन्य
नीमच। खेल जगत में नीमच की बेटी अक्षरा अहीर ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले व प्रदेश का मान बढ़ाया है। डोस बॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित नेटबॉल टूर्नामेंट के तहत भारतीय टीम के लिए उनका चयन हुआ और उन्होंने जापान में खेले गए अंतरराष्ट्रीय मैचों में शानदार प्रदर्शन किया।अक्षरा ने 23 अगस्त 2025 को देवास में हुए ट्रायल्स में अपने दमदार खेल से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। नेटबॉल खेल के इस चयन शिविर में अनेक खिलाड़ियों ने भाग लिया, लेकिन अपनी फिटनेस, तेज सोच और बेहतरीन टीम गेम की वजह से अक्षरा भारतीय टीम का हिस्सा बनीं। इसके बाद 17 से 20 सितम्बर तक चंडीगढ़ में भारतीय नेटबॉल टीम का कैंप आयोजित हुआ, जहां खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग दी गई। इस कैंप में भी अक्षरा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कैंप के बाद भारतीय टीम जापान के टोक्यो और चिबा शहरों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय नेटबॉल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने रवाना हुई। इस टूर्नामेंट में भारत ने लगातार 9 मैच जीतकर धमाकेदार प्रदर्शन किया। हर मुकाबले में टीम ने जबरदस्त तालमेल और संघर्ष की भावना दिखाई, जिसका हिस्सा नीमच की अक्षरा अहीर भी रहीं। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल तक अपराजित रहते हुए शानदार जीत का सिलसिला जारी रखा। हालांकि,फाइनल मुकाबले में भारत को कड़े संघर्ष के बाद महज 3 अंकों से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया और पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया।नीमच जिले के लिए यह क्षण गर्व का रहा कि उसकी बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर खेल की दुनिया में पहचान बनाई। अक्षरा के इस प्रदर्शन से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा जिला गौरवान्वित हुआ। डोस बॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी उनके उत्कृष्ट खेल और उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अक्षरा जैसी बेटियां छोटे शहरों से निकलकर बड़े सपने पूरे कर रही हैं।स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि अक्षरा अहीर की इस उपलब्धि से जिले की नई पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ सकते हैं।
भारतीय नेट बॉल टीम की खिलाड़ी अक्षरा अहीर ने बताया कि डोस बॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित नेटबॉल टूर्नामेंट के तहत भारतीय टीम के लिए उनका चयन हुआ था, हम लोग जापान के टोकियो चिबा में खेल कर आ रहे है। वहां पर मुझे भारत की तरफ से टीम में खेलने का मौका मिला भारत से 30 बच्चे वहां गए थे जिसमें से नीमच से मैं हूं, वहां पर हमने लगातार 9 मैच जीते और फाइनल में पहुंचे। फाइनल में हम लोग तीन के स्कोर से हार गए फिर भी हमें सिल्वर मेडल मिला है जिसकी हमें खुशी है। हम लोग खुश हैं कि हमने हमारा बेस्ट दिया। अभी हम लोग नीमच पहुंचे हैं और यहां पर लोगों ने काफी अच्छा हमारा स्वागत किया है। ओर भी हम लोगों को बहुत कुछ सीखने को मिला है लेकिन हम लोगों ने लगातार मेच जीते हैं और फाइनल तक गए हैं इसकी बहुत खुशी है।