डेस्क न्यूज़
30 September, 2025
अन्य
नीमच। जिले की विक्रम सीमेंट फैक्ट्री में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब मजदूरों का धैर्य जवाब दे गया। आरोप है कि फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिल रहा है। लगातार वेतन भुगतान की मांग को नजरअंदाज करने से गुस्साए मजदूरों ने फैक्ट्री गेट पर ताला जड़कर धरना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस विरोध से फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और जावद थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और हालात काबू में लेने की कोशिश शुरू की। वहीं दूसरी ओर कंपनी मैनेजमेंट के अधिकारी भी मजदूरों से बातचीत कर माहौल शांत कराने में जुटे हुए हैं।
मजदूरों का कहना है कि जब भी वेतन भुगतान की बात उठाई जाती है तो कंपनी प्रबंधन और ठेकेदार एक-दूसरे पर टाल देते हैं। आक्रोशित मजदूरों ने फैक्ट्री गेट पर जोरदार नारेबाजी की और चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, वे आंदोलन जारी रखेंगे। फिलहाल प्रशासन मजदूरों को समझाने और उनकी समस्याओं का समाधान निकालने में जुटा हुआ है, लेकिन हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।