न्यूज डेस्क
27 September, 2025
अन्य
नीमच | जिले के मनासा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मालाहैड़ा के काना की बारद गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के 15 वर्षीय लव पिता इंदर सिंह बंजारा की नदी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कक्षा 6वीं में अध्ययनरत लव स्कूल से घर लौटने के बाद शौच के लिए नदी किनारे गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, जहां नदी किनारे उसकी चप्पल मिली। ग्रामीणों ने पूरी रात तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में उसका शव तैरता हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मनासा शासकीय अस्पताल भेजा। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर छा गई है।