ताजासमाचार

सीएम हेल्पलाइन पर फर्जी शिकायत करने वालों की अब खैर नहीं, MP सरकार ने कसा शिकंजा

न्यूज डेस्क 27 September, 2025 अन्य

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने सीएम हेल्पलाइन के दुरुपयोग को लेकर बड़ा कदम उठाया है। अब फर्जी शिकायतें दर्ज कराने वालों और ब्लैकमेलिंग की नीयत से आवेदन देने वालों की खैर नहीं। राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों से ऐसे मामलों की जानकारी मांगी है और निर्देश दिए हैं कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा चलाई जा रही सीएम हेल्पलाइन योजना का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है, लेकिन हाल के दिनों में यह देखने में आया है कि कुछ लोग इस सिस्टम का दुरुपयोग कर रहे हैं। फर्जी शिकायतें कर अधिकारियों और कर्मचारियों को परेशान करने की कोशिश की जा रही है।

फर्जीवाड़ा करने वालों की होगी पहचान
सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी मामलों की समीक्षा की जाएगी जहां शिकायतें बार-बार एक ही व्यक्ति द्वारा की गई हैं या जिनमें साक्ष्यों का अभाव है। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे लोगों को चिन्हित करें जो जानबूझकर फर्जी शिकायतें कर रहे हैं या ब्लैकमेलिंग के उद्देश्य से आवेदन दे रहे हैं।

सख्त कार्रवाई की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक,इस पत्र को जारी करने का आशय यही है कि अब दोषियों पर आइटी एक्ट, झूठी सूचना देने की धाराओं, या ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर अपराधों के तहत केस दर्ज किए जा सकते हैं। इस कदम से न केवल हेल्पलाइन सिस्टम की विश्वसनीयता बढ़ेगी बल्कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग भी रोका जा सकेगा।

जनता को किया गया आगाह
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे केवल वास्तविक और प्रमाणिक समस्याओं को ही सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज करें। किसी भी प्रकार की झूठी जानकारी देने पर अब सीधे कानूनन कार्रवाई होगी।

Related Post