ताजासमाचार

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा का मनासा दौरा — स्कूल में पढ़ाई से लेकर आंगनवाड़ी, गौशाला और मंदिर तक व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

डेस्क न्यूज़ 24 September, 2025 अन्य

नीमच | नीमच में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा जिले के विद्यार्थियों को उच्‍च गुणवत्‍तापूर्ण शिक्षा उपलब्‍ध कराने, बोर्ड परीक्षाओं में सुधार तथा विद्यार्थियों के अध्‍यापन कार्य की गुणवत्‍ता सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। बीते वर्ष इसके परिणाम दिखाई दिए और इसी क्रम में कलेक्‍टर हिमांशु चंद्रा द्वारा समय-समय पर शालाओं का निरीक्षण कर शिक्षकों व विद्यार्थियों को पढ़ाई के बारे में टिप्‍स दिए जा रहे हैं।  कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को मनासा क्षेत्र का दौरा किया और शिक्षा से लेकर पोषण, गौसंरक्षण व धार्मिक स्थलों तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महागढ़ शासकीय विद्यालय में कलेक्टर स्वयं 10वी कक्षा के बच्चों के बीच बैठे और गणित पढ़ाया। विद्यार्थियों से सवाल हल करवाते हुए उन्होंने कहा कि गणित रटने का नहीं, समझने का विषय है। इस दौरान बच्चों ने उत्साह से जवाब दिए और कलेक्टर ने शिक्षिका साक्षी शर्मा के कार्य की सराहना की।

इसके बाद कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक पाँच का निरीक्षण किया। बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते की गुणवत्ता परखी और पढ़ाई का स्तर देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों की ग्रेडिंग, पोषण और शिक्षा दोनों के आधार पर हो और बेहतर कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाए।

ग्राम बरथून में कलेक्टर ने महिलाओं द्वारा संचालित श्री गोपाल गौशाला का निरीक्षण किया। निराश्रित गौवंश की देखभाल और वर्मी कम्पोस्ट से खाद निर्माण की उन्होंने सराहना की। साथ ही अंकुर उपवन में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अंत में कलेक्टर ग्राम आंत्री माताजी पहुँचे, जहाँ राशन दुकान और सहकारी समिति का आकस्मिक निरीक्षण किया। ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद मंदिर पहुँचकर मां आंत्री माताजी के दर्शन किए और जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर एसडीएम किरण आंजना सहित अन्‍य अधिकारी व ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Related Post