ताजासमाचार

नवरात्रि पर बिजासन माता मंदिर तुरकियां में श्रीमद देवी भागवत कथा का भव्य शुभारंभ | कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ 9 दिवसीय आयोजन

डेस्क न्यूज़ 24 September, 2025 अन्य

सिंगोली। नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम तुरकियां स्थित बिजासन माता मंदिर में नौ दिवसीय श्रीमद देवी भागवत कथा का शुभारंभ सोमवार सुबह 8:15 बजे हुआ। आयोजन की शुरुआत वार्ड क्रमांक 10 स्थित शीतला माता मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश रखकर भाग लिया। साथ ही श्रद्धालु श्रीमद देवी भागवत ग्रंथ को सिर पर रखकर श्रद्धा और भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथावाचक पंडित गोपी शास्त्री भी सहभागी रहे।
कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई बिजासन माता मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधिवत कलश स्थापना की गई। जगह-जगह धर्मप्रेमी नगरवासियों ने यात्रा का पुष्पवर्षा और स्वागत कर भावपूर्ण स्वागत किया। बापू बाजार क्षेत्र में कृष्णा मित्र मंडल द्वारा विशेष रूप से पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया।
यह आयोजन 22 से 30 सितंबर तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संगीतमय श्रीमद देवी भागवत कथा के रूप में चलेगा। आयोजन में हरिओम मित्र मंडल तथा समस्त ग्रामवासी तुरकियां, सिंगोली क्षेत्रवासियों द्वारा संयुक्त रूप से सहयोग किया जा रहा है। यह पहला अवसर है जब नवरात्रि के दौरान इस स्तर पर देवी भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।
कथा के पहले दिन कथावाचक पंडित गोपी शास्त्री ने देवी के विभिन्न रूपों का वर्णन करते हुए भगवती के जन्म, माता सती के देह त्याग, पार्वती के जन्म और स्यमंतक मणि की कथा का संगीतमय भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि देवी शक्ति की अधिष्ठात्री हैं और संपूर्ण सृष्टि में व्याप्त हैं। उन्होंने बताया कि कैसे पार्वती ने कठोर तपस्या कर भगवान शिव को प्राप्त किया, और कैसे स्यमंतक मणि की कथा भगवती की कृपा और शक्ति का प्रतीक बनकर सामने आती है। साथ ही उन्होंने महाराज दूरदुम के पुत्र प्राप्ति की कथा भी सुनाई।
कथा सुनने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु उपस्थित रहे। तुरकियां, हरिपुरा, धनगांव, सिंगोली सहित आसपास के गांवों से धर्मप्रेमियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। आयोजन समिति ने बताया कि 30 सितंबर को कथा की पूर्णाहुति के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समस्त क्षेत्रवासियों को आमंत्रित किया गया है।

Related Post